विकास के हाईवे पर मध्यप्रदेश सबसे आगे : केन्द्रीय सड़क मंत्री गडकरी

विकसित और आत्मनिर्भर भारत सिर्फ स्वप्न नहीं संकल्प है, पूरा देश एकजुट होकर कर रहा है काम

मध्यप्रदेश को केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दी 1 लाख करोड़ रुपए के राजमार्ग विकास कार्यों की मंजूरी

सीआरएफ से 1600 करोड़ देने की घोषणा, इसमें से 400 करोड़ मिलेंगे विदिशा संसदीय क्षेत्र को

सागर-विदिशा- कोटा तक बनेगा नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाइवे, 75 किमी दूरी होगी कम

मध्यप्रदेश मना रहा विकास का महापर्व, विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए चल रहा महायज्ञ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव म.प्र. के विकास के कारवां को बढ़ा रहे हैं आगे: केन्द्रीय कृषि मंत्री  चौहान

4400 हजार करोड़ रुपये की लागत से 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

विदिशा जिले के लिए 450 करोड़ से अधिक के कामों का हुआ लोकार्पण एवं भूमि-पूजन

मध्यप्रदेश सहित विदिशा संसदीय क्षेत्र को मिली कई सौगातें

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क भोपाल

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री  नितिन गडकरी ने कहा है कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हमारे लिए सिर्फ स्वप्न नहीं, एक संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरा देश एकजुट और एकमत होकर काम कर रहा है। हम सब मिलकर 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाएंगे। देश के समग्र विकास के इस महायज्ञ में सबसे बड़ी आहुति मध्यप्रदेश की ही होगी। केन्द्रीय सड़क मंत्री गडकरी शनिवार को विदिशा में आयोजित विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व और समर्पित सरकार से कदमताल कर हम मध्यप्रदेश को एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न राज्य बनाएंगे। केंद्रीय मंत्री  गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के विकास को और गति देने के लिए विदिशा में 4400 हजार करोड़ रुपए की लागत से 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।

केन्द्रीय मंत्री  गडकरी ने कहा कि हम मध्यप्रदेश के विकास को शक्ति देने के लिए पूरी ताकत से अपना सहयोग देंगे। इन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करते हुए केंद्रीय मंत्री  गडकरी ने मध्यप्रदेश के विकास से जुड़ी विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर सहमति व्यक्त कर करीब एक लाख करोड़ रुपए की नई परियोजनाओं को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अधीन 2 लाख करोड़ रुपए लागत की राष्ट्रीय राजमार्ग विकस परियोजनाओं पर पहले से ही काम चल रहा है।

केन्द्रीय सड़क मंत्री  गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में सबसे अग्रणी राज्य है। यहां का बासमती चावल और शरबती गेहूं विश्व प्रसिद्ध है। केन्द्रीय कृषि मंत्री  चौहान अन्नदाता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता, हवाई ईंधनदाता और डामरदाता भी बनाना हमारा लक्ष्य है। नागपुर में किसान एथेनॉल का उत्पादन कर रहे हैं। भारत 22 लाख करोड़ रुपए का तेल आयात करता है। भोपाल एयरपोर्ट पर आज इलेक्ट्रिक कार देखकर मुझे प्रसन्नता हुई। देश में अब हाइड्रोजन कार पर कार्य किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री  गडकरी ने कहा कि हमारे कृषि यंत्र किसानों के द्वारा तैयार ईंधन पर चलने चाहिए। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्रीय मंत्री चौहान के किसानों की आय बढ़ाने के हर संभव प्रयास जारी हैं। किसानों की आय बढ़ेगी, तो वे गांव से दूर नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश में विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है, सिर्फ देश में गांव-गरीब-किसानों के लिए ईमानदारी से काम करने वाले कर्मठ लोगों की कमी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं। दुनिया हमारे इंजीनियर और डॉक्टर्स का लोहा मानती है। हमारे नॉलेज को वेल्थ में बदलना ही सफलता है। नागपुर शहर में टॉयलेट का पानी बेचने से ही 300 करोड़ मिल जाते हैं। अगर देश को नेता सही मिलें तो वेस्ट भी वेल्थ में बदलता है। देश के विकास का श्रेय जनप्रतनिधियों को नहीं, उन्हें चुनने वाली जनता को जाता है।

केंद्रीय मंत्री  गडकरी ने कहा कि शनिवार को मध्यप्रदेश में 1 लाख करोड़ लागत के सड़क और राजमार्ग विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। प्रदेश में अभी 2 लाख करोड़ लागत के अनेक काम चल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में यहां उद्योग आएंगे, व्यापार बढ़ेगा, निर्यात बढ़ेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा और मध्यप्रदेश एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न प्रदेश बनेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय कोई कमी नहीं रखेगा। मध्यप्रदेश में बहुतायत में हाईवे नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री  गडकरी की महत्वपूर्ण घोषणाएं

केंद्रीय सड़क मंत्री  गडकरी ने विदिशा में मध्यप्रदेश को विभिन्न सड़क परियोजनाएं देने की घोषणा करते हुए कहा कि –

* 16 हजार करोड़ रुपए लागत का सागर-विदिशा-कोटा तक नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा। इससे सागर से कोटा के बीच की दूरी 75 किमी तक कम हो जाएगी।

* नसरुल्लागंज (भैरूंदा)-बुधनी रोड को 4 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।

* मध्यप्रदेश में अलग-अलग 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भी जरूरत के अनुसार और भी राशि मंजूर की जाएगी।

* विदिशा में 4 हजार करोड़ रुपए लागत से उत्तरी बायपास बनाया जाएगा।

* 40 हजार करोड़ रुपए की लागत से ग्वालियर- भोपाल-नागपुर को जल्द मंजूरी मिलेगी, जो आगे जाकर हैदराबाद को भी कनेक्ट करेगा।

* सिंहस्थ के लिए उज्जैन- झालावाड़ 2500 करोड़ रुपए की लागत से हाईवे सहित अन्य रोड भी बनाए जाएंगे।

* सीआरएफ योजना में मध्यप्रदेश को सड़क विकास कार्यों के लिए 1600 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसमें से 400 करोड़ रुपए विदिशा लोकसभा संसदीय क्षेत्र के लिए होंगे।

* प्रदेश को 5 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर की सौगात मिली है। 20 अन्य ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर्स के प्रस्तावों को भी जल्द ही मंजूरी देंगे।

* अटल एक्सप्रेस-वे से जुड़े सभी विकास कार्यों को भी मंजूरी देंगे।

* गोपालपुर से भैरुंदा तक सड़क मार्ग को भूमि अधिग्रहण के बाद व्हाइट टॉपिंग क्रॉन्क्रीट से निर्मित किया जाएगा।

रायसेन में बनेगा मेडिकल कॉलेज, सभी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ कराएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदिशा को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व विदेश मंत्री स्व. श्रीमती सुषमा स्वराज का आशीर्वाद भी मिला है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को लगातार विकास की अनेक सौगातें मिल रही हैं। विदिशा की धरती में अद्भुत आकर्षण है। यह उज्जैन के समान पावन धरती है। हर काल में यहां के वीरों ने अपनी अलग पहचान बनाई। सम्राट अशोक के कार्यकाल में यहां सांची स्तूप का निर्माण हुआ। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिल्ली में बैठक के दौरान मध्यप्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपए की राजमार्ग विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। केंद्रीय मंत्री गड़करी अपने प्रण के पक्के हैं, उन्होंने मुंबई में समुद्र के ऊपर पुल बनवा दिया है। मध्यप्रदेश के सिंगरौली में पहाड़ के बीच से रोड निकल रहा है। देशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना के तरह-तरह के काम जारी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास का महापर्व मना रहा है। विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए महायज्ञ चल रहा है। विकास के मामले में हम कोई कमी नहीं रहने देंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी से आत्मीयतापूर्वक मांग करते हुए कहा कि आगरा- ग्वालियर- भोपाल-नागपुर तक 500 किलोमीटर से अधिक दूरी का एक नया नेशनल हाईवे (ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे) बनाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए की मांग केंद्रीय मंत्री गडकरी से की, जिसे केंद्रीय मंत्री ने तत्काल मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा, इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ कर दी जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को मिलीं 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं यहां क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, आवागमन की सुगमता और आर्थिक प्रगति को एक नई गति प्रदान करेंगी। मध्यप्रदेश देश के मध्य में है, इसलिए केंद्र सरकार को किसी भी राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए मध्यप्रदेश की धरती पर आना ही पड़ेगा। मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है, इसके विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया केंद्र सरकार के सहयोग से हम मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाकर रहेंगे।

विदिशा को बनाएंगे विकास का हब : केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी विकास का दूसरा नाम हैं। उन्होंने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र का विकास ही मेरा लक्ष्य है। मध्यप्रदेश की जनता की सेवा करने की हर संभव कोशिश की है। विकास के कारवां को अब मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदिशा को आज 4400 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। अब विदिशा बदल रहा है, अब इसे एक रिंग रोड की आवश्यकता है। जब किसी शहर में रोड बनता है तो जमीन की कीमत बढ़ती है। शहर के विकास के साथ उद्योगों का विकास होता है। अब मध्यप्रदेश का गेहूं और बासमती चावल अमेरिका और कनाडा तक धूम मचा रहा है। कोटा- भोपाल- विदिशा-सागर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के बनने से लोगों का समय बचेगा। इससे विदिशा-सागर क्षेत्र के लिए नया अध्याय शुरू हो जाएगा। शहरों के आसपास से निकलने वाली सड़कों को भी दशा और दिशा सुधारने की आवश्यकता है। विदिशा बस स्टैंड के उन्नयन की आवश्यकता है। अगर नागपुर से ग्वालियर तक नया राष्ट्रीय राजमार्ग बने, तो मध्यप्रदेश की सूरत ही बदल जाएगी। प्रदेश में नदी जोड़ो परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है, ऐसे में अगर नर्मदा को बेतवा से लिंक कर दिया जाए, तो एक बड़ा काम पूरा हो जाएगा।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास की नई गाथा लिख रहा है। आधुनिक भारत में मजबूत इंफ्रॉस्ट्रक्चर ही 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी का आधार है। केंद्रीय मंत्री  गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क, राजमार्गों का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने पिछले दिनों दिल्ली में राष्ट्रीय परियोजनाओं को गति देने के लिए मीटिंग की। ग्वालियर के अटल प्रगति पथ में आ रही बाधाएं अब दूर हो गई हैं। मध्यप्रदेश देश के केंद्र में है, इसलिए हमें और अधिक राजमार्ग मिलने चाहिए। मध्यप्रदेश में रोड इंफ्रॉस्ट्रक्चर पर 1 लाख 80 हजार करोड़ का निवेश हो रहा है, जो रोड नेटवर्क को नए आयाम देगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 578 किमी का ग्वालियर-भोपाल-नागपुर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे, 450 किमी का उज्जैन-जबलपुर-अंबिकापुर नेशनल हाइवे, 57 किमी का सिंरोज-महलुआ-बीना मार्ग, खंडवा-हरदा-पिपरिया-नरसिंहपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे, 14 हजार करोड़ लागत का कोटा-भोपाल-विदिशा-सागर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे, नसरुल्लागंज-बुधनी 2 लेन रोड बनाए जाने की आवश्यकता है।

विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि आज विदिशा को केंद्रीय मंत्री गडकरी और श्री चौहान के साथ और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का एक साथ स्वागत करने का सौभाग्य मिला है। विदिशा में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा सहित बुनियादी जरूरतों की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विदिशा को मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल कर नई सौगात दी है। विदिशा जिले में भविष्य में विकास का कारवां ऐसे ही चलता रहेगा।

मध्यप्रदेश को मिली ये भी सौगातें

केन्द्रीय सड़क मंत्री श्री गडकरी ने विदिशा में 4,400 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियाजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की लंबाई 181 किलोमीटर है, जो मध्य भारत एवं बुंदेलखंड क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेंगी और प्रदेश के सड़क एवं परिवहन अवसंरचना विकास की दिशा में एक ओर ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से भोपाल–विदिशा–सागर–राहतगढ़–ब्यावरा सहित प्रमुख औद्योगिक, कृषि एवं पर्यटन मार्गों पर यातायात सुगम होगा। ये केंद्र सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार विकसित करने तथा युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भोपाल-विदिशा खंड, विदिशा-ग्यारसपुर खंड, ग्यारसपुर-राहतगढ़ खंड के 4 लेन चौड़ीकरण से कनेक्टिविटी मजबूत और लॉजिस्टिक गतिविधियाँ सशक्त होंगी। सागर वेस्टर्न बॉयपास (ग्रीनफील्ड) 4 लेन निर्माण से शहरी ट्रैफिक दबाव कम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ेगी।

तीन ड्राइविंग प्रशिक्षण सेंटर की रखी जा रही है आधारशिला

विदिशा में एक और सागर में दो ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का भूमि-पूजन किया गया। विदिशा में 2 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से डीटीसी का शिलान्यास किया गया। इससे ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता और एक्सीडेंट में कमी लाने में मदद मिलेगी।

477 करोड़ की लागत से 39 किमी लंबी 2 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान 417 करोड़ से अधिक की लागत से रातापानी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में ओबेदुल्लागंज-इटारसी सेक्शन में 4 लेन सड़क का लोकार्पण भी किया गया। इससे बैतूल से नागपुर तक सड़क चौड़ी होने से ट्रैफिक सुचारू होगा, ईंधन बचेगा और प्रदूषण कम होगा, हादसों में कमी आएगी, मानव-वन्यजीव संघर्ष घटेगा, और ट्रैफिक सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण होगा। 59 करोड़ से अधिक की लागत से देहगांव से बम्होरी के 27 किमी लंबे मार्ग के लोकार्पण से किसानों और आमजन को सहज आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।

रोड शो कर जनता का किया अभिवादन

विदिशा में आयोजित भव्य रोड शो में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री चौहान ने जनसमुदाय का अभिवादन किया। रोड शो में उन्होंने खुले वाहन से नगरवासियों का अभिवादन किया। रोड शो में विदिशा के नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर केंद्रीय मंत्रियों एवं मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। सड़कों के दोनों ओर उमड़े जनसमूह, पुष्पमालाओं से सजें तोरण द्वार शहर के उत्सवपूर्ण माहौल को दर्शा रहे थे।

पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री  लखन पटेल, सागर की सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, नर्मदापुरम के सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक  सुदेश राय, पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा, पूर्व मंत्री  सूर्यप्रकाश मीणा, विधायक  रमाकांत भार्गव, विधायक  हरिसिंह सप्रे, विधायक हरिसिंह रघुवंशी, विधायक प्रदीप लारिया, विधायक उमाकांत शर्मा, विधायक  रामेश्वर शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    Wzrost Ruletki w Kasynach online Kryptograficznych: Kompleksowy Przewodnik

    Na całym świecie zakładów internetowych, kilka gier wideo oddaje ważny ekscytację i prostotę tak długo jak ruletka. Ze swoimi korzeniami odwzorowującymi XVII-wiecznej Francji, ta legendarna gra losowa wyryła się w…

    Read more

    Spielsaal Pramie alleinig Einzahlung 2025 � Top 3 hundred% Casino Maklercourtage 2025 No Vorleistung Boni

    ??Unter zuhilfenahme von selbige 50 Freispiele abzuglich Einzahlung konnte man niederung?erdem unterschiedliche Spiele ausprobieren, blo? eigenes Piepen nach gefahrden. Inoffizieller mitarbeiter Spielsaal 60 Freispiele blo? Einzahlung 2025 dahinter erhalten, bedeutet…

    Read more

    You cannot copy content of this page