ग्राम पंचायत अहमदपुर में सचिव शिवपाल सिंह रघुवंशी को सेवा निवृत्ति पर दी भावभीनी विदाई

तीन दशक की जनसेवा पूर्ण शासकीय यात्रा का गरिमापूर्ण समापन, नागरिकों ने किया सम्मान

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( रायसेन )

बरेली (रायसेन)। बाड़ी विकास खंड की ग्राम पंचायत अहमदपुर में मंगलवार को ग्राम पंचायत सचिव शिवपाल सिंह रघुवंशी की सेवा निवृत्ति के अवसर पर पंचायत भवन में एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, ग्रामीणों एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए नागरिकों ने उपस्थित होकर श्री रघुवंशी के दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को सम्मानपूर्वक संस्मरणों के माध्यम से याद किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं यशस्वी जीवन की कामना की। समारोह में सरपंच प्रतिनिधि एवं समाजसेवी घनश्याम सिंह रघुवंशी, भाजपा मंडल खरगोन अध्यक्ष अभिषेक रघुवंशी तथा सेवा निवृत्त सचिव शिवपाल सिंह रघुवंशी ने आदि ने भावपूर्ण उद्बोधन दिए। सभी ने कहा कि शिवपाल सिंह रघुवंशी ने अपने कार्यकाल में सदैव ईमानदारी, सरलता और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखा। उन्होंने पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ ग्रामीणों के सुख-दुख में सहभागी बनकर कार्य किया, जिसके कारण आज ग्रामवासी उनसे आत्मीय जुड़ाव महसूस करते है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अहमदपुर के अलावा माधामऊ, ढिलवार, घाना, जामगढ़, भगदेई, खरगोन एवं टोंगा सहित अनेक गांवों के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाओं एवं सम्मान प्रतीकों के माध्यम से श्री रघुवंशी का अभिनंदन किया तथा उनके योगदान को याद करते हुए भावुक वातावरण में विदाई दी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अहमदपुर के नवागत सचिव अभिषेक चौधरी ने भी अपना परिचय दिया।

तीन ग्राम पंचायतों में ही पूर्ण की तीस वर्ष की सेवा

सेवा निवृत्त सचिव शिवपाल सिंह रघुवंशी ने अपने तीस वर्षों के शासकीय सेवाकाल में विशेष रूप से केवल तीन ग्राम पंचायतों खरगोन, खैरबाड़ा और अहमदपुर में ही अपनी सेवाएं दीं। यह अपने आप में एक उल्लेखनीय कार्य है। ग्रामीणों ने बताया कि सचिव रहते हुए भी शिवपाल सिंह रघुवंशी का व्यवहार सदैव अत्यंत आत्मीय और सहयोगपूर्ण रहा। उन्होंने गांव के हर व्यक्ति को अपने परिवार का सदस्य समझकर कार्य किया और ग्रामीणों ने भी उन्हें परिवार के सदस्य के रूप में सम्मान दिया।

शिवपाल सिंह रघुवंशी ने आदर्श, निष्पक्ष और निर्विवाद रूप से जनसेवा की

ग्रामीणों एवं वक्ताओं ने कहा कि शिवपाल सिंह रघुवंशी ने एक आदर्श जनसेवक के रूप में निष्पक्ष, निर्विवाद एवं उत्कृष्ट कार्यकाल पूर्ण कर समाज और पंचायत व्यवस्था के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। समारोह के अंत में उपस्थित नागरिकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।इस अवसर पर ग्राम पंचायत अहमदपुर के नवागत सचिव अभिषेक चौधरी ने कहा कि भले ही शिवपाल सिंह रघुवंशी शासकीय सेवा से रिटायर्ड हो गए हैं, किन्तु उनका मार्गदर्शन और अनुभव का लाभ हमें मिलता रहेगा।

  • Related Posts

    मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की पहल ऐतिहासिक एवं स्वागत योग्य – संदीप चौहान

    सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली बरेली (रायसेन)। जन भागीदारी समिति,शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बरेली के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता संदीप चौहान ने मध्य प्रदेश सरकार द्वारा कैबिनेट…

    Read more

    रायसेन में 14 जुलाई को आयोजित होगा जिला स्तरीय युवा संगम कार्यक्रम

    सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( रायसेन ) जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार से जोड़ने कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार 14 जुलाई को रायसेन स्थित पीएम…

    Read more

    You cannot copy content of this page