विद्यार्थियों को पॉस्को एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम आदि की दी गई जानकारी

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क रायसेन
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सोमवार को बाड़ी में पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बाड़ी एवं शासकीय संदीपनी विद्यालय बाड़ी में मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित की गई। जिसमें एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बाल विवाह मुक्त अभियान अंतर्गत 100 दिवसीय गतिविधियों की जानकारी बालकों को प्रदान की गई एवं बाल विवाहमुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई गई।
प्रशिक्षण में बाल संरक्षण अधिकारी दिनेश मालवीय द्वारा नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 एवं किशोर न्याय बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम 2015 पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। बालकों को नशे से होने वाले दुष्परिणाम के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत समस्त बालकों को शपथ दिलाई गई। परियोजना अधिकारी जुलैखा खान द्वारा विद्यार्थियों को पोषण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई एवं बालिकाओं को एनीमिया के कारण होने वाली बीमारियों के संबंध में जानकारी दी गई। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत कन्या भ्रूण हत्या,बालिकाओं की शिक्षा, स्वरोजगार एवं स्वागम लक्ष्मी योजना की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य निशांत तिवारी एवं शासकीय संदीपनी विद्यालय बाड़ी की प्राचार्य सुमन तिवारी उपस्थित रहीं।








