सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली। तहसील बरेली के ग्राम सर्रा में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सोनू पिता देवदीन अहिरवार न्याय की मांग को लेकर 132 केवी बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक करीब दो घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व गांव में सोनू अहिरवार का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई थी। इसके बावजूद युवक एक बार फिर न्याय की गुहार लगाते हुए बिजली टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से 132 केवी बिजली लाइन को बंद कराया गया। बरेली थाना प्रभारी कपिल गुप्ता, एसडीआरएफ टीम और पुलिस बल ने परिजनों के साथ मिलकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी देर तक चले समझाइश के दौर के बाद शाम करीब 4:30 बजे बरेली एसडीएम की समझाइश पर सोनू अहिरवार टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मुस्तैद रही।











