स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुख्य आतिथ्य में होगा जिला स्तरीय आयोजन, रैली के साथ होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
सिटी बीट न्यूज नेटवर्क रायसेन (बरेली)।
रायसेन (बरेली)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को रायसेन में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वन परिसर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुख्य आतिथ्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 9:30 बजे पाटनदेव स्थित स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय से रैली निकाली जाएगी, जो वन परिसर पहुंचकर संपन्न होगी। इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन में जनजातीय समाज, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। साथ ही जनजातीय लोककला, परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल सुबह 10:30 बजे रायसेन पहुंचकर आयोजन में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 1:30 बजे बरेली पहुंचेंगे, जहां बरेली एवं उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। शाम 6 बजे वे बरेली से भोपाल के लिए रवाना होंगे। जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने के साथ उनकी संस्कृति एवं परंपराओं को सम्मान देने का अवसर होगा।











