मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल होंगे मुख्य अतिथि, नगर के व्यापारियों का होगा मिलन एवं सम्मान

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क (बरेली)
बरेली। नगर व्यापार महासंघ बरेली, जिला रायसेन के तत्वावधान में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में भव्य दीपावली मिलन समारोह एवं स्नेह भोज का आयोजन 15 नवंबर 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से आनंद गार्डन में किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं नगर परिषद बरेली के अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। नगर व्यापार महासंघ द्वारा आयोजित इस समारोह का उद्देश्य नगर के समस्त व्यापारियों को एक मंच पर एकत्रित कर आपसी मेल-मिलाप, प्रेम, विश्वास, सहयोग एवं व्यापारिक एकजुटता को मजबूत करना है। आयोजकों ने बताया कि दीपावली केवल खुशियों और रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने और सामाजिक एवं व्यावसायिक समन्वय स्थापित करने का भी अवसर है। महासंघ के पदाधिकारियों ने नगर के सभी व्यापारी बंधुओं से अपने व्यस्ततम व्यापारिक जीवन से समय निकालकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता से ही नगर के व्यापार और आर्थिक विकास को नई दिशा मिल सकती है। कार्यक्रम में नगर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष हरीन्द्र मालवीय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक वर्मा, उपाध्यक्ष सुनील सोनी, महामंत्री दीपक माहेश्वरी, सहमंत्री अंकित जैन, कोषाध्यक्ष अमित चंदेल, प्रवक्ता हितेन्द्र धाकड़ एवं प्रचार मंत्री अभिनव धाकड़ सहित महासंघ के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।











