गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौ माता के 1000 नामों से होगा विधि-विधान से पूजन, संत लाल बाबा जी महाराज ने श्रद्धालुओं से की सहभागिता की अपील
सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली। गोपाष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर आज 17 नवंबर 2026, मंगलवार को शिव मंदिर बापौलीधाम आश्रम में भव्य गौ-पूजन एवं सहस्त्रनाम गौ-अर्चन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सायंकाल 5 बजे प्रारंभ होगा।भगवान श्रीकृष्ण की पावन गौचारण लीला की स्मृति में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में गौ माता के पवित्र सहस्त्रनाम अर्थात 1000 नामों का स्मरण करते हुए विधि-विधान से पूजन, अर्चन एवं आरती की जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गौ माता में समस्त देवी-देवताओं का वास माना गया है। गौ सेवा एवं गौ पूजन को भगवान श्रीकृष्ण की आराधना का स्वरूप माना जाता है। इसी भावना के साथ इस आयोजन का उद्देश्य समाज में गौ सेवा, संरक्षण एवं धार्मिक संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर परम पूज्य संत जम्मू वाले लाल बाबा जी महाराज ने समस्त गौ भक्तों, धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार समारोह में शामिल होकर गौ माता के सहस्त्रनाम अर्चन में सहभागी बनने तथा पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।











