मूंग न्याय एवं टोकन मुक्त वाहन यात्रा आज, किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली

बरेली। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस जिला रायसेन के नेतृत्व में किसानों के हितों एवं उनकी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आज शनिवार 11 जुलाई को “मूंग न्याय एवं टोकन मुक्त वाहन यात्रा” निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी। इस मूंग न्याय यात्रा में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान,सिलवानी विधायक देवेन्द्र पटैल,उदयपुरा विधानसभा के पूर्व विधायक देवेन्द्र सिंह पटेल गडरवास,पूर्व विधायक भगवान सिंह राजपूत,पूर्व विधायक संजय शर्मा, कांग्रेस के जिला प्रभारी शैलेंद्र पटेल,किसान धरना आंदोलन पूर्व जिलाध्यक्ष मुमताज खान,के साथ ही मंडलम सेक्टर,संगठन के पदाधिकारी एवं बडी संख्या में किसान उपस्थित रहेंगे। इस विषय पर ज्ञानेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि जिले के किसानों को मूंग उपार्जन,टोकन व्यवस्था,उपज विक्रय,भुगतान में देरी,समर्थन मूल्य सहित अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के मुद्दों को लेकर किसान कांग्रेस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों की आवाज बुलंद की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 11:00 बजे देवरी तहसील,दोपहर 12:30 बजे उदयपुरा तहसील,दोपहर 3:30 बजे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय बरेली में राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। राजपूत ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है,लेकिन आज किसान अपनी उपज बेचने और उचित मूल्य प्राप्त करने के लिए परेशान है। किसान कांग्रेस किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने जिले के किसानों,कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर किसानों की मांगों को मजबूती प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसान कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी,जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

  • Related Posts

    सजने लगे माता रानी के दरबार,रविवार को विराजेंगी मां जगदंबा

    बरेली-भौड़िया में नवरात्रि की धूम, पंडालों में तैयारियां अंतिम चरण में सिटी बीट न्यूज नेटवर्क भौड़िया-बरेली भौड़िया-बरेली। शारदीय नवरात्रि को लेकर बरेली, भौड़िया सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल…

    Read more

    स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना के विरोध में रायसेन जिले के पटवारी कलमबंद हड़ताल पर

    सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( रायसेन ) बरेली,रायसेन। मध्यप्रदेश शासन के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के क्रियान्वयन के लिए पटवारियों…

    Read more

    You cannot copy content of this page