सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली । नगर के हनुमानगढ़ी परिसर स्थित कलचुरी भवन में कलचुरी नवयुवक मंडल द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु जयंती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना, प्रतिभाओं का सम्मान और समाज की विभूतियों का स्मरण किया गया। समारोह में जातीय जनगणना कराने तथा संगठन का पंचायत स्तर तक विस्तार करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। केएल वर्मा की अध्यक्षता, जिला अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा के मुख्य आतिथ्य तथा मोहन मुरारी वर्मा एवं रविशंकर राय के विशेष आतिथ्य में आयोजित समारोह का शुभारंभ भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना, आरती और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समाज की विभूतियों एवं प्रतिभाओं का सम्मान
आयोजन समिति द्वारा जिला अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा सहित समाज के वरिष्ठजनों केएल वर्मा, मोहनलाल राय, मोहन मुरारी वर्मा एवं कामतोन के हरिबाबू राय का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर विशेष स्वागत-सम्मान किया गया। समाज के लिए विशेष सेवा एवं उपलब्धियों के लिए अरविंद राय, शिक्षक राकेश वर्मा, मिहुल वर्मा, रौनक राय एवं भीकम राय को सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षा, समाजसेवा, धर्म, खेल, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर दीपदान, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और रचनात्मक प्रतिभा की उपस्थितजनों ने सराहना की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
समाज के विकास के लिए सुझावों को क्रियान्वित करने का प्रस्ताव
समारोह में समाज के सर्वांगीण विकास के लिए उपस्थितजनों से खुले मंच पर सुझाव आमंत्रित किए गए। प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर उन्हें क्रियान्वित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। केएल वर्मा ने अपने उद्बोधन में सफल आयोजन की सराहना करते हुए मृत्यु भोज को सीमित करने तथा कलचुरी भवन का विस्तार कर उसे और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करने का प्रस्ताव रखा। जिला अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने समाज के प्रत्येक घर और परिवार से सीधा संपर्क स्थापित कर जातीय जनगणना के उद्देश्य से सामाजिक एवं पारिवारिक जानकारी संकलित करने तथा संगठन का पंचायत स्तर तक विस्तार करने का प्रस्ताव रखा। उपस्थित समाजजनों ने इस प्रस्ताव का पुरजोर समर्थन करते हुए इसे समाजहित में समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया। इस अवसर पर अमित राय, संतोष राय, अर्चना वर्मा, जगदीश राय, विकास वर्मा, डॉ. कल्पना वर्मा, नवयुवक मंडल अध्यक्ष नितिन वर्मा, संयोजक रोशेष राय, अभिताभ वर्मा, कमल राय, दीपक वर्मा, अंशुल वर्मा, राकेश वर्मा, कपिल राय, मुकेश राय एवं सचिन राय ने अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में तहसील अध्यक्ष नीरज राय एवं रजनी राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अनिल वर्मा ने किया तथा आभार रोशेष राय ने व्यक्त किया।











