श्री श्री 1008 सनातन शरण जी महाराज एवं नंद बाबा का होगा आगमन, आज 13 नवंबर को मानस भवन में जुटेंगे संत-महात्मा और गौप्रेमी
सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली। गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से पूरे भारत में चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत बरेली में 13 नवंबर 2026, आज शुक्रवार को विशेष संत समागम एवं गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम बरेली स्थित मानस भवन में दोपहर 2 बजे से आयोजित होगा। इसमें गौ सम्मान आह्वान अभियान के मध्यप्रदेश प्रभारी श्री श्री 1008 सनातन शरण जी महाराज (राजस्थान) एवं मध्यप्रदेश के नंद बाबा विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्र के संत-महात्मा, धर्माचार्य एवं बड़ी संख्या में गौप्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।
हस्ताक्षर अभियान से मिलेगा गौ संरक्षण का नया संकल्प
गौ माता को सम्मान एवं संरक्षण दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान संतों के सानिध्य में पूरे देश में चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पंचायत स्तर पर 2100 हस्ताक्षर कराने तथा 50 से 60 लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
दो चरणों में 30 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य
अभियान के तहत अब तक पूरे भारत में दो चरणों में लगभग 21 करोड़ हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। इस बार 30 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के माध्यम से गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण से जुड़े विषयों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम चरण में तहसील स्तर पर आवेदन दिए गए, जबकि दूसरे चरण में जिला स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद प्रदेश स्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। भोपाल के जंबूरी मैदान में 11 लाख लोगों की उपस्थिति का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
संतों के सानिध्य में देशव्यापी अभियान
श्री श्री 1008 सनातन शरण जी महाराज ने बताया कि यह अभियान पूरे भारत में संतों के सानिध्य में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य गौ माता को सम्मान दिलाना तथा उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए जनजागरण करना है।
आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, गौभक्तों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 13 नवंबर को मानस भवन पहुंचकर संत समागम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें और गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण के इस अभियान को अपना समर्थन प्रदान करें ।











