

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली। संस्कार भूमि द ग्लोबल स्कूल, बरेली में दीपावली का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी के मनमोहक स्वरूप धारण कर रामायण के प्रसंगों का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों एवं मर्यादा का सुंदर संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दीपावली पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मां लक्ष्मी के पूजन की विधि एवं दीपावली मनाने की परंपराओं से भी बच्चों को अवगत कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर दीपक साहू ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों द्वारा इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेना सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा उनका सर्वांगीण विकास होता है।कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, मर्यादा और संस्कारों से जोड़ना रहा। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह एवं आकर्षक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।











