
सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली। दीपावली एवं धनतेरस के पावन पर्व पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरेली के भैया-बहनों ने “स्वदेशी अपनाओ–देश बचाओ” थीम के तहत नगरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नगर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, थाना, विद्युत विभाग,अस्पताल एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया पहुंचकर स्वदेशी मिट्टी के दीये और स्वयं निर्मित बधाई-पत्र भेंट किए। साथ ही स्थानीय कुम्हारों के उत्पाद अपनाने, चीनी लाइटों का बहिष्कार करने तथा पटाखा-मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया। विद्यालय में दीप सज्जा एवं बधाई-पत्र निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और स्वदेशी को वास्तविक धन बताते हुए आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर मां नर्मदा शिक्षण समिति के अध्यक्ष मनोज शांडिल्य, सचिव हीरेंद्र मालवीय एवं विद्यालय के प्राचार्य जयप्रकाश तिवारी ने सभी भैया-बहनों को शुभकामनाएं दीं। नगरवासियों ने बच्चों की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम का समापन “मिट्टी के दीये जलाओ, भारत को आत्मनिर्भर बनाओ” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।











