डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना, नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी के प्रयासों से घाट का हो रहा सौंदर्यीकरण
सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा बरेली में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। घोघरा नदी स्थित हनुमानगढ़ी घाट पर भोजपुरी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ पर्व मनाया। इस दौरान महिलाओं ने कठिन निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी आयु की कामना की।
छठ पर्व के अवसर पर 15 नवंबर को व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर शाम के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और व्रत का समापन किया। दोनों दिन हनुमानगढ़ी घाट पर भक्तिमय वातावरण रहा। इस अवसर पर राजेश यादव, राजकुमार दुबे, ओमप्रकाश सिंह, जयपाल यादव, इंद्रजीत यादव सहित भोजपुरी समाज के अनेक लोग परिवार सहित उपस्थित रहे और श्रद्धापूर्वक छठ पर्व मनाया।
नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी की पहल से संवर रहा हनुमानगढ़ी घाट
उल्लेखनीय है कि घोघरा नदी के किनारे स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर का घाट अब धार्मिक आयोजनों के साथ ही सामाजिक मेल-मिलाप और पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी के नेतृत्व में नगर परिषद द्वारा इस स्थल के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास के लिए कार्य कराए जा रहे हैं। घाट पर सुंदर लाल पत्थर लगाए गए हैं। इसके साथ ही पार्क और सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया है। किनकी रोड से घोघरा नदी के किनारे होते हुए हनुमानगढ़ी मंदिर तक सड़क पहुंचने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल रही है।
आगामी दिनों में यहां आंवला नवमी का भव्य आयोजन भी होगा। इस अवसर पर हजारों की संख्या में महिलाएं आंवला और पीपल के वृक्ष की पूजा-अर्चना करने पहुंचती हैं। महिलाएं यहां पूजन के साथ भोजन प्रसादी तैयार कर परिवार सहित ग्रहण करती हैं। इसके अलावा रामनवमी और हनुमान जयंती जैसे पर्वों पर भी यहां भव्य धार्मिक आयोजन होते हैं।
प्रस्तावित स्टॉप डैम से बढ़ेगी स्थल की सुंदरता
हनुमानगढ़ी घाट के विकास की कड़ी में घोघरा नदी पर स्टॉप डैम निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके निर्माण से नदी में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ही घाट और आसपास के क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित विकास कार्य पूरे होने पर हनुमानगढ़ी घाट धार्मिक आयोजनों, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बरेली का एक प्रमुख आकर्षण बन सकता है।











