सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली

बरेली। नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी के निवास पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी ने अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में नगर परिषद के माध्यम से कराए गए विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नगर की आवश्यकताओं और नागरिकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराने का निरंतर प्रयास किया गया है। नगर में हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में आम नागरिकों, पार्षदों एवं अधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी के सहयोग से आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष नेपाल सिंह राजपूत, सीएमओ हरिशंकर वर्मा, पार्षदगण, एल्डरमैन एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।











