सिटी बीट न्यूज नेटवर्क खरगोन (बरेली)।

खरगोन ( बरेली )। बरेली तहसील के ग्राम खरगोन में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नेशनल हाईवे-45 पर खरगोन ब्रिज के पास एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। सड़क किनारे पड़ी बच्ची पर जब एक राहगीर की नजर पड़ी, तो उसने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए बच्ची को उठाया और उपचार के लिए बरेली सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर नवजात बच्ची को चिकित्सकों की निगरानी में प्राथमिक उपचार किया गया। बीएमओ डॉ हेमंत यादव ने बताया कि बच्ची के शरीर पर घाव के निशान थे प्राथमिक उपचार कर रायसेन जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राहगीर की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते मासूम को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। जहां लोग संतान प्राप्ति के लिए मंदिरों में मन्नतें मांगते हैं, वहीं एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद सड़क किनारे छोड़ दिया जाना कई सवाल खड़े करता है। आखिर उस मासूम का क्या कसूर था, जिसे दुनिया में आते ही इस तरह अकेला छोड़ दिया गया?











