रणधीर सिंह धाकड़ भौड़िया
सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली (रायसेन )

ग्राम पंचायत खरगोन में गहराते जल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। नाराज ग्रामीणों ने एनएच-45 खरगोन पर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी की टंकी तो बनी पर पानी की सप्लाई बाधित है, स्थिति यह है कि ऐसी भीषण गर्मी में लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं ग्राम वासियों का आरोप है कि गांव के पुराने शासकीय हेड पंपों पर दबंगों ने कब्जा कर निजी मोटर डाल रखी है, जिससे आम ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम संतोष मुद्गल,तहसीलदार रामजीलाल वर्मा, एसडीओपी और थाना प्रभारी कपिल गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से चर्चा की। एसडीएम संतोष मुद्गल ने पानी सप्लाई ठेकेदार और ग्राम सरपंच, सचिव को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि तत्काल पानी की व्यवस्था सुचारू की जाए और कब्जे में लिए गए शासकीय हेड पंपों को जल्द चालू कराया जाए। दबंगों पर एफ आई आर दर्ज कर कार्रवाई की जाए, उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
एसडीएम ने पानी सप्लाई ठेकेदार को निर्देश दिए की जमीन में पानी की कमी होने की स्थिति में अतिरिक्त बोर कराया जाए जिससे ग्राम वासियों को पानी की समस्या ना हो। प्रशासन ने ग्राम वासियों को भरोसा दिलाया है कि गांव में पानी की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।








