लायंस क्लब ने तीन शैक्षणिक संस्थानों में चलाया बाल कैंसर जागरूकता अभियान

विद्यार्थियों को बताए कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव के उपाय

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( म.प्र. )

बरेली। लायंस क्लब बरेली द्वारा शुक्रवार को बाल कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत नगर की तीन प्रमुख शैक्षणिक संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत पूजा पब्लिक स्कूल, संस्कार भूमि स्कूल एवं वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें बाल कैंसर के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब के सेक्रेटरी सुशील जैन, कोषाध्यक्ष हरेंद्र रघुवंशी एवं पूर्व सचिव महेंद्र रघुवंशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल कैंसर के संभावित कारणों, लक्षणों तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में कैंसर के कुछ प्रकारों के सटीक कारण हमेशा स्पष्ट नहीं होते, ऐसे में शरीर में दिखाई देने वाले असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विद्यार्थियों को बताया गया कि लंबे समय तक बुखार रहना, शरीर में असामान्य गांठ या सूजन, बिना कारण वजन कम होना, अत्यधिक कमजोरी, लगातार दर्द, त्वचा में असामान्य बदलाव, बार-बार संक्रमण होना अथवा असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। अभियान के दौरान बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने तथा तंबाकू एवं धूम्रपान के धुएं से दूरी बनाए रखने की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में स्वयं उपचार करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल कैंसर के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप धारीवाल, जोन चेयर पर्सन अरविंद अग्रवाल, अध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी, पूर्व सचिव श्रीमती अंजली जैन, श्रीमती नीता धाकड़, दीपक साहू सहित लायंस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में बाल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बीमारी के संभावित लक्षणों की समय पर पहचान और चिकित्सकीय उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

  • Related Posts

    गणेश प्रतिमा विक्रेताओं को तय बाजारी शुल्क से मिली छूट

    नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी एवं सीएमओ हरिशंकर वर्मा ने दी जानकारी सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( म.प्र.) बरेली संवाददाता। नगर बरेली में गणेश उत्सव को देखते…

    Read more

    सांसद दर्शन सिंह चौधरी तथा कलेक्टर विश्वकर्मा ने व्यापारियों से किया संवाद

    व्यापारियों ने सड़क मार्ग,बैंक शाखाओं को बढ़ाने एवं एटीएम में नगदी की कमी होने सहित अन्य समस्याओं से कराया अवगत सिटी बीट न्यूज नेटवर्क उदयपुरा बरेली। उदयपुरा बरेली। मुख्यमंत्री जन-विश्वास…

    Read more

    You cannot copy content of this page