सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली
बरेली। बरेली के वरिष्ठ मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. बी.डी. यादव को चिकित्सा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए 3 अक्टूबर 2026 को सांची-विदिशा में आयोजित आरएसएसडीआई मध्यप्रदेश चैप्टर के कार्यक्रम में सामुदायिक सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शिवराज सिंह चौहान के करकमलों से प्राप्त यह सम्मान बरेली सहित रायसेन जिले और चिकित्सा जगत के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम में विधायक प्रभुराम चौधरी, विधायक मुकेश टंडन, डॉ. अरविंद चौहान, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं डॉ. संदीप कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। डॉ. यादव लंबे समय से चिकित्सा सेवा के साथ जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सिविल हॉस्पिटल बरेली में सीबीएमओ के पद पर रहते हुए मिशन इंद्रधनुष में सक्रिय भागीदारी निभाई और निर्धारित लक्ष्य से अधिक बच्चों का टीकाकरण कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए वर्ष 2017 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया था। डॉ. यादव ने रायसेन जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरतगंज एवं बाड़ी में सेवाएं देते हुए मरीजों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष समर्पण दिखाया। उन्होंने डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम और जागरूकता के लिए विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर लोगों को लाभान्वित किया। उल्लेखनीय है कि विगत 18 अप्रैल को मुंबई में उन्हें कार्डियो-डायबिटिक-मेटाबोलिक मेडिसिन में फेलोशिप की उपाधि भी प्रदान की गई थी। लगातार चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उनके कार्यों को मिल रहे सम्मान से बरेली और रायसेन जिले का गौरव बढ़ा है। डॉ. बी.डी. यादव को मिले इस सम्मान पर क्षेत्रवासियों एवं चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।











