ई-उपार्जन में स्लॉट बुकिंग ठप, बरेली में किसानों का आक्रोश—तीसरे दिन भी धरना जारी

रजिस्ट्रेशन पूरे, पर स्लॉट नहीं खुल रहे; चुनिंदा बुकिंग को प्रचारित कर भ्रम फैलाने का आरोप

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली। 

मध्यप्रदेश सरकार की ई-उपार्जन योजना के तहत जहां किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की व्यवस्था की गई है, वहीं बरेली क्षेत्र में स्लॉट बुकिंग की समस्या ने किसानों को गंभीर संकट में डाल दिया है। किसानों का कहना है कि पंजीयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन स्लॉट बुकिंग नहीं होने से वे अपनी गेहूं की उपज बेच नहीं पा रहे हैं।

क्षेत्र के किसानों की फसल तैयार हुए करीब डेढ़ से दो महीने का समय बीत चुका है, इसके बावजूद खरीदी प्रक्रिया प्रभावी रूप से शुरू नहीं हो पाई है। किसानों के अनुसार ई-उपार्जन पोर्टल पर स्लॉट बुक करने का प्रयास करने पर पोर्टल खुल ही नहीं रहा या फिर 100 में से केवल एक-दो किसानों के ही स्लॉट बुक हो पा रहे हैं। इस स्थिति के कारण अधिकांश किसान अपनी उपज घरों और खेतों में ही रखने को मजबूर हैं।

इस मुद्दे को लेकर भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसान पिछले तीन दिनों से बरेली तहसील कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष देखा जा रहा है। संघ के पदाधिकारी गोविंद धाकड़ ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी चुनिंदा किसानों के स्लॉट बुक होने की जानकारी को व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों पर प्रचारित कर यह दिखाने का प्रयास कर रहे हैं कि व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है।

उन्होंने कहा कि “स्लॉट बुकिंग का पोर्टल सही तरीके से खुल ही नहीं रहा है। अधिकांश किसान लगातार प्रयास के बावजूद असफल हो रहे हैं। केवल कुछ किसानों के स्लॉट बुक होने की जानकारी को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे अन्य किसानों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।”

किसानों का कहना है कि गेहूं की खरीदी में देरी के कारण वे आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। अगली फसल की तैयारी के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ती जा रही है। वहीं क्षेत्र में चने की खरीदी भी सीमित केंद्र पर ही की जा रही है, जिससे किसानों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय किसान संघ के संभाग उपाध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष केशर सिंह पटेल, तहसील अध्यक्ष पृथ्वीपाल ठाकुर और सुल्तानपुर तहसील अध्यक्ष सचिन पटेल के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि तत्काल स्लॉट बुकिंग की समस्या का समाधान किया जाए, सभी किसानों की उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाए तथा खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा और प्रशासन का घेराव भी किया जाएगा। वर्तमान हालातों को देखते हुए क्षेत्र में किसानों का असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थिति गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।

  • Related Posts

    बरेली परियोजना द्वारा एलटी फाउंडेशन के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र में अति कुपोषित बच्चों को वित्तरित किए फूड किट

    सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( रायसेन ) बरेली परियोजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र घोंट में अति कुपोषित बच्चों के लिए फूड किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में…

    Read more

    पानी संकट पर फूटा आक्रोश, एनएच-45 खरगोन पर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, यातायात हुआ प्रभावित

    रणधीर सिंह धाकड़ भौड़िया सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली (रायसेन ) ग्राम पंचायत खरगोन में गहराते जल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। नाराज ग्रामीणों ने…

    Read more

    You cannot copy content of this page