सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( रायसेन )
रायसेन। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 एवं 9 अक्टूबर को पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाताओं को नाम जोड़ने, आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविर के दौरान पात्र मतदाताओं से फॉर्म-6 के अलावा किसी अन्य घोषणा पत्र की मांग नहीं की जाएगी। वहीं, जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 लिए जाएंगे। इसके साथ ही 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए अग्रिम रूप से फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने युवाओं एवं पात्र नागरिकों से इन विशेष शिविरों का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पात्र नागरिक voters.eci.gov.in पर अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।











