सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली।

बरेली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी के लिए निकली सेवा संकल्प यात्रा गुरुवार को उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के उदयपुरा से होते हुए बरेली पहुंची। नगर में यात्रा का जगह-जगह ऐतिहासिक स्वागत किया गया। बरेली पहुंचने के बाद यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से यात्रा में शामिल बाइकर्स से संवाद किया और उनके अनुभव जाने। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से यात्रा के दौरान मिले अनुभवों तथा सफाईकर्मियों के सम्मान को लेकर समाज में आए बदलाव पर चर्चा की। यात्रा के साथ चल रहे बाइकर्स ने प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने मंच पर बैठने के बजाय तकनीकी व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंस की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे कैमरे के सामने नहीं, बल्कि व्यवस्था में जुटे दिखाई दिए। उनकी यह भूमिका कार्यक्रम में चर्चा का विषय रही। मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के साथियों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यात्रा से जुड़े सभी साथियों की आवश्यकताओं का ध्यान रखना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी राजो मालवीय, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, विधायक सुरेंद्र पटवा, पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।











