पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने और आवेदनों के शीघ्र निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( रायसेन )।
रायसेन। उदयपुरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत रम्पुरा में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही गांव के विकास से जुड़े सुझाव और अपेक्षाओं की जानकारी ली। इस दौरान सांसद एवं कलेक्टर ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी भी ली। शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। शिविर स्थल पर स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आयुष, कृषि, उद्यानिकी तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। सांसद एवं कलेक्टर ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रोहित सिसोनिया एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर डीएफओ प्रतिभा शुक्ला सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











