गौ माता को राष्ट्र माता एवं राष्ट्र आराध्या का संवैधानिक सम्मान देने की मांग
सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( खरगोन )।
खरगोन। आगामी 4 दिसंबर 2026 को भोपाल में आयोजित होने जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत आज खरगोन में गौ भक्तों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के आस्था के केंद्र वापोली धाम में तपस्यारत पूज्य तपस्वी संत श्री लाल बाबाजी जम्मू वाले गुरुजी महाराज द्वारा लगातार गौ सम्मान आह्वान अभियान में सहभागिता के लिए अपील की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को ग्राम पंचायत खरगोन एवं जामगढ़ के सहयोग से कस्बा में साप्ताहिक हाट बाजार के दिन दो स्थानों पर टेंट लगाकर गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण के लिए जनजागरण किया गया।अभियान के माध्यम से मांग की गई कि संपूर्ण भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा गौ माता को राष्ट्र माता एवं राष्ट्र आराध्या का संवैधानिक पद प्रदान कर राष्ट्रीय सम्मान दिया जाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गौ भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हस्ताक्षर किए और गौ संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अभियान का उद्देश्य गौ माता के प्रति जनभावनाओं को जागृत करना तथा उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाना रहा। यहां नागरिकों से 04 दिसंबर को भोपाल में आयोजित होने वाले गौ सम्मान आह्वान में सहभागिता की अपील भी की गई।











