नीचे बांधे जा रहे मवेशी; पानी गिरने से श्रद्धालु परेशान

अंकित तिवारी सिटी बीट न्यूज नेटवर्क
बरेली। नगर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंच मार्ग पर एक मकान द्वारा किए गए निर्माण विस्तार और सड़क के उपयोग से श्रद्धालुओं तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड क्रमांक एक के बीच से होकर गुजरने वाले चैनपुर मार्ग पर भिलट के सामने स्थित इस मकान का छज्जा सड़क की ओर काफी आगे तक निकाला गया है। इसके साथ ही मकान के सामने सड़क किनारे मवेशियों को बांधा जा रहा है और बैठने के लिए कुर्सियां आदि रखी जाती हैं। इससे मार्ग की चौड़ाई प्रभावित हो रही है और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। हनुमानगढ़ी बरेली सहित आसपास के क्षेत्र का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यहां प्राचीन समय से भगवान हनुमान विराजमान हैं। मंदिर में राम दरबार और शिव मंदिर भी स्थित हैं। वहीं नजदीक से मनमोहन नदी गुजरती है। धार्मिक महत्व के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सोमवार, मंगलवार, शनिवार और विशेष धार्मिक पर्वों पर इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार हनुमानगढ़ी पहुंच मार्ग पर एक मकान का निर्माण सड़क की ओर बढ़ा हुआ है। मकान से निकाला गया छज्जा सड़क की सीमा तक पहुंच गया है। इसके अलावा मकान के सामने टीन शेड बनाकर मवेशियों को सड़क किनारे बांधा जाता है। कई बार वहीं कुर्सियां आदि रखकर बैठने से भी मार्ग का हिस्सा घिर जाता है। इससे चार पहिया वाहनों को निकलने में परेशानी होती है और आमने-सामने दो वाहनों के आने पर क्रॉसिंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती।
छज्जे से सड़क पर गिरता है पानी
मकान के छज्जे से पाइप के माध्यम से पानी भी सड़क पर गिराया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार सड़क से मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के ऊपर यह पानी गिर जाता है। श्रद्धालु धार्मिक भावनाओं के साथ मंदिर की ओर जाते हैं, ऐसे में सड़क पर पानी गिरने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों ने मांग की है कि सड़क की सीमा में निकले छज्जे और सड़क पर किए जा रहे अन्य उपयोग की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ब्रेकर से भी कम हुआ मार्ग
स्थानीय नागरिकों के अनुसार संबंधित मकान के सामने सड़क पर ब्रेकर भी बना दिया गया है, जिससे पहले से संकरे मार्ग पर आवागमन और मुश्किल हो गया है। चार पहिया वाहनों को निकलने में विशेष परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल तक जाने वाला मार्ग होने के कारण यहां यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
मंदिर जाने वाले श्रद्धालु अंशुल भार्गव ने बताया कि इस स्थान से निकलते समय काफी परेशानी होती है। सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ा किया जाना चाहिए तथा सड़क की सीमा में निकले निर्माण को हटाने के साथ मवेशियों को सड़क पर बांधने की व्यवस्था पर भी रोक लगनी चाहिए।
श्रद्धालु ऋषिराज राजपूत ने कहा कि हनुमानगढ़ी पहुंच मार्ग दिनोंदिन संकरा और जर्जर होता जा रहा है। सड़क का नए सिरे से निर्माण कर इसकी चौड़ाई बढ़ाई जानी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को सुविधा मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क की वास्तविक सीमा का सीमांकन कराया जाए। यदि निर्माण या उपयोग शासकीय भूमि अथवा सड़क सीमा में पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि हनुमानगढ़ी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग को सुगम बनाया जा सके।











