स्वास्थ्य राज्यमंत्री पटेल,विधायक डॉ.चौधरी व सुरेंद्र पटवा सहित जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली ( रायसेन )
रायसेन विकसित भारत संकल्प सभा के अंतर्गत बुधवार को रायसेन स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल,सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण किया गया। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, राकेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा,सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए जनसेवा की नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के अंतर्गत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक का सफर कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश विकास एवं जनकल्याण के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जनसम्पर्क विभाग द्वारा रायसेन जिले के विकास कार्यों पर आधारित विकास पुस्तिका का जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित जनसमूह द्वारा ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के उपरांत सेवा ज्योति यात्रा का रथ पॉलीटेक्निक कॉलेज से रवाना हुआ। यात्रा रायसेन नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा के रथ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए।











