पशु चिकित्सालय के सामने से शंकर मंदिर होते हुए उचित मूल्य दुकान तक बनेगा मार्ग, लंबे समय से जर्जर सड़क से मिलेगी लोगों को राहत

अंकित तिवारी सिटी बीट न्यूज
बरेली। नगर परिषद बरेली में इन दिनों विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड क्रमांक 3 में पशु चिकित्सालय के सामने 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया। करीब 6 लाख 29 हजार रुपए की लागत से बनने वाली यह सड़क पशु चिकित्सालय के सामने से शुरू होकर शंकर जी के मंदिर से होते हुए उचित मूल्य की राशन दुकान तक जाएगी। सड़क की लंबाई करीब 200 मीटर और चौड़ाई लगभग 3 मीटर रखी गई है।
यह मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। जलावर्धन योजना के तहत पाइपलाइन डालने के बाद सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे यहां से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण की मांग को देखते हुए नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी ने परिषद की बैठक में प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष नेपाल सिंह राजपूत के वार्ड में यह सड़क निर्माण कराया जा रहा है। सड़क बनने से पशु चिकित्सालय, शंकर मंदिर और उचित मूल्य की दुकान तक आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं तथा वार्ड के रहवासियों को जर्जर सड़क से राहत मिलने की उम्मीद है।
वार्ड 14 में भी 20 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण जारी
नगर के वार्ड क्रमांक 14 में भी सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यहां करीब 20 लाख रुपए की लागत से लगभग 220 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई करीब 3.60 मीटर और निर्धारित ऊंचाई 8 इंच रखी गई है।
नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी ने वार्ड पार्षद घनश्याम पटेल, पत्रकार अंकित तिवारी सहित नगर परिषद के अमले के साथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और वार्डवासियों को आश्वासन दिया कि सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाएगा, ताकि लंबे समय तक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
वार्ड 14 में बन रही सड़क नगर के मुख्य बाजार और खेड़ापति माता मंदिर से जुड़ती है। इस मार्ग से आसपास के दर्जनों ग्रामीण बाजार आने-जाने के लिए आवागमन करते हैं। नगर के नागरिक भी बड़े बाजार, छोटे बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं।
खेड़ापति माता मंदिर नगर का प्रमुख धार्मिक स्थल है। सामान्य दिनों में भी यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच जाती है। बड़ी संख्या में महिलाएं भी नंगे पैर मंदिर पहुंचकर माता को जल अर्पित करती हैं। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नगर परिषद अध्यक्ष एवं संबंधित पार्षदों ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माणाधीन सड़क पर अनावश्यक रूप से आवागमन न करें और सड़क पर पानी न बहने दें, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो और सड़क की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे।











