नर्मदा संरक्षण के लिए जनभागीदारी से बनेगी ठोस कार्ययोजना

सिटी बीट न्यूज नेटवर्क बरेली,रायसेन।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में नर्मदा नदी के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से रेवा सेवा समागम अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किसान भवन, बरेली, तहसील एवं विकासखंड बाड़ी में किया गया। कार्यशाला में नर्मदा संरक्षण एवं संवर्धन, सहायक नदियों का संरक्षण, घाट संरक्षण, नर्मदा जलग्रहण क्षेत्र में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि तथा नर्मदा संस्कृति के संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल रहे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड, वरिष्ठ पर्यावरणविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता शिव शंकर, नर्मदा समग्र के न्यासी सचिव एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सलाहकार करण कौशिक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के टास्क मैनेजर दरियाव सिंह सूर्यवंशी, भोपाल संभाग समन्वयक वरुण आचार्य, नर्मदा समग्र के संभागीय समन्वयक नवीन बोड़खे सहित अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नर्मदा सेवा से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां नर्मदा जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात प्रतिभागियों का परिचय हुआ तथा नर्मदा संरक्षण एवं सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने कार्यशाला के उद्देश्यों एवं नर्मदा-रेवा सेवा समागम की रूपरेखा से प्रतिभागियों को अवगत कराया। इस दौरान जिले के सर्वेक्षण एवं नर्मदा नदी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण भी किया गया। मुख्य अतिथि नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि नर्मदा संरक्षण केवल सरकार का विषय नहीं, बल्कि समाज की सहभागिता से जुड़ा दायित्व है। कार्यशाला में प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके आधार पर नर्मदा संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि नर्मदा-रेवा सेवा समागम केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संवाद, सहभागिता और कार्ययोजना निर्माण का मंच है। इसमें समाज, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन एवं नर्मदा क्षेत्र से जुड़े नागरिक अपने सुझाव दें। प्राप्त सुझावों पर विचार-विमर्श कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार शासन स्तर तक पहुँचाकर उनके क्रियान्वयन की दिशा में कार्य किया जाएगा। मंत्री श्री पटेल ने सभी से आह्वान किया कि नर्मदा मैया के प्रति श्रद्धा को केवल पूजा और आस्था तक सीमित न रखते हुए उसे सेवा, संरक्षण, संवर्धन और जनभागीदारी में परिवर्तित करें। नर्मदा की निर्मलता, अविरलता एवं पवित्रता बनाए रखना वर्तमान पीढ़ी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी नर्मदा मैया के आशीर्वाद से लाभान्वित होती रहें। कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड एवं नर्मदा समग्र के न्यासी सचिव करण कौशिक ने नर्मदा नदी एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, घाट संरक्षण तथा नर्मदा से जुड़ी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने नर्मदा संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास एवं जनभागीदारी को आवश्यक बताया। कार्यशाला में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के टास्क मैनेजर दरियाव सिंह सूर्यवंशी ने नर्मदा जलग्रहण क्षेत्र में जैविक एवं प्राकृतिक कृषि विषय पर पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों की उपयोगिता पर जानकारी दी गई। नर्मदा समग्र के संभागीय समन्वयक नवीन बोड़खे ने नर्मदा घाट संरक्षण विषय पर पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से घाटों के संरक्षण, स्वच्छता एवं उनके सांस्कृतिक महत्व की जानकारी साझा की। समापन सत्र में एसडीएम बरेली अंकित जैन ने उपस्थित नर्मदा समाजसेवियों एवं प्रतिभागियों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा मार्ग में आने वाली कठिनाइयों, आवश्यक सुविधाओं एवं स्थानीय स्तर पर किए जा सकने वाले कार्यों के संबंध में जानकारी ली। कार्यशाला में प्रतिभागियों द्वारा नर्मदा संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। प्राप्त सुझावों को संकलित कर आगामी कार्ययोजना में शामिल करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राममोहन रघुवंशी ब्लॉक समन्वयक उदयपुरा ने किया। बाड़ी की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती सविता कावरे सहित प्रस्फुटन समिति,नवांकुर संस्था एवम नर्मदा समग्र के कार्यकर्ता एवम नर्मदासमाज सेवी उपस्थित रहे।अंत मे एक पेड़ माँ के नाम पौधरोपण भी किया गया।











